तीन दिवसीय कार्यशाला में विज्ञान और गणित शिक्षक सीखेंगे नवाचारी शिक्षण तकनीकें

Share This

अल्मोड़ा। जनपद के विज्ञान एवं गणित शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय कार्यशाला मंगलवार से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), अल्मोड़ा में शुरू होगी। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, पुणे तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यशाला 4 से 6 अगस्त तक चलेगी। इसमें विज्ञान एवं गणित के शिक्षक नवाचारी और गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। कार्यशाला की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित बैठक में विषय विशेषज्ञ अंकित जोशी, निम्मी बिष्ट, देवेश कुमार तिवारी, गिरीश चंद्र मठपाल सहित संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। कार्यक्रम के जिला समन्वयक डॉ. कमलेश सिराड़ी ने बताया कि आईराइज कार्यशालाओं का आयोजन भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, पुणे तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में पिछले तीन वर्षों से प्रदेश के विभिन्न जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी अल्मोड़ा में इस कार्यशाला का सफल आयोजन हो चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से शिक्षकों को विज्ञान एवं गणित के शिक्षण को अधिक प्रभावी, रोचक, नवाचारी और गतिविधि आधारित बनाने की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का लाभ मिलेगा। डॉ. सिराड़ी ने बताया कि यह कार्यशाला शिक्षकों में नवाचारी सोच विकसित करने और विज्ञान एवं गणित शिक्षण को अधिक विद्यार्थी-केंद्रित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें शिक्षक पूरे उत्साह और सक्रिय सहभागिता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।