
अल्मोड़ा। विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा के प्रयोगात्मक प्रक्षेत्र हवालबाग में 16 से 20 नवंबर तक श्री अन्न की उन्नत उत्पादन तकनीक, मूल्य संवर्धन एवं संरक्षित खेती विषय पर पांच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) की वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजना के तहत परियोजना निदेशक, गया (बिहार) द्वारा प्रायोजित किया गया। इसमें बिहार के गया जिले से 20 पुरुष कृषकों सहित आत्मा परियोजना के एक सहायक तकनीकी प्रबंधक समेत कुल 21 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को श्री अन्न यानी मिलेट्स एवं पोषक अनाजों के पोषण सुरक्षा में महत्व, उच्च उपजशील प्रजातियों, उन्नत उत्पादन तकनीक, पादप सुरक्षा, मूल्यवर्धित उत्पाद एवं व्यंजन विधियों तथा कटाई उपरांत प्रबंधन सहित विभिन्न पहलुओं की जानकारी व्याख्यान और भ्रमण के माध्यम से दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को श्री अन्न फसलों की बीज गुणवत्ता प्रबंधन, संरक्षित खेती की उन्नत तकनीकों, उपज वृद्धि में पादप वृद्धि संवर्धक सूक्ष्मजीवों की भूमिका तथा जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादन पद्धतियों के बारे में प्रदर्शनों के माध्यम से जानकारी दी। समन्वयकों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिकूल परिस्थितियों से श्री अन्न फसलों की सुरक्षा, मृदा उर्वरता में सुधार, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को अपनाकर टिकाऊ उत्पादन एवं किसानों की आय बढ़ाने के उपायों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के अंतर्गत किसानों को आदर्श ग्राम भगरतोला में प्रगतिशील कृषकों के खेतों का भ्रमण भी कराया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त ने किसानों को संबोधित करते हुए पोषण एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में श्री अन्न फसलों के महत्व तथा जलवायु परिवर्तन की वर्तमान परिस्थितियों में इनकी बढ़ती प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्री अन्न फसलें कम पानी एवं सीमित संसाधनों में भी बेहतर उत्पादन देने की क्षमता रखती हैं, जिससे ये फसलें छोटे किसानों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं। कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र तथा श्री अन्न फसलों के उन्नत बीज एवं मूल्यवर्धित उत्पाद वितरित किए गए। इस दौरान किसानों ने प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय डॉ. महेन्द्र सिंह भिण्डा, दिनेश चन्द्र जोशी एवं कुशाग्रा जोशी ने किया।

