अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर अल्मोड़ा पुलिस ने रविवार को जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान आमजन और युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया गया।

एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में समस्त कोतवाली, थाना एवं यातायात प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने।

पुलिस ने बताया कि 23 नवंबर से दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के हेलमेट नहीं पहनने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहनने और स्वयं के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगरों, कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।