जीआईसी धौलछीना में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

Share This

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत सोमवार को थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश सिंह बोहरा ने राजकीय इंटर कॉलेज धौलछीना में छात्र-छात्राओं और अध्यापकों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर अपराध, चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े अपराधों, ऑनलाइन माध्यमों के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की। इसके अलावा महिला एवं बाल अपराध, नए कानून, मानव तस्करी और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। उन्होंने डायल-112, आपदा हेल्पलाइन-1070, साइबर हेल्पलाइन-1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर करने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया।