सहखातेदारों की भूमि पर फर्जी दानपत्र दर्ज करने का आरोप

Share This

देहरादून(आरएनएस)।    रायपुर थाना क्षेत्र के बडासीग्रांट क्षेत्र में फर्जीवाड़े से जमीन बेचने का मामला सामने आया है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायपुर थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी ने बताया कि बुद्ध सिंह निवासी बडासी ने एसएसपी कार्यालय में तहरीर दी। उनके अनुसार खसरा संख्या 568, रकबा 1130 वर्गमीटर, मौजा बडासीग्रांट में उनके और अन्य सहखातेदारों के नाम दर्ज भूमि में गड़बड़ी की गई। जमीन में सहखातेदार शीला देवी ने भूमि का 1/15वां भाग यानी 75.33 वर्गमीटर विपक्षी मुकेश सिंह पुत्र सूरत सिंह को 25 जुलाई 2019 को विधिवत विक्रय किया था। यह विक्रय विलेख उपनिबंधक कार्यालय द्वितीय, देहरादून में पंजीकृत है। प्रार्थी का आरोप है कि विपक्षीगण मुकेश सिंह नेगी, जगदीश सिंह, नरेश मनवाल और महेंद्र सिंह पंवार ने फर्जी और कूट रचित दानपत्र तैयार करवाकर पूरी भूमि का दानपत्र रजिस्ट्री कार्यालय में पंजीकृत करा लिया। इसके बाद जमीन को आगे बेचने की कोशिश की। जबकि, मुकेश सिंह नेगी ने केवल 75.33 वर्गमीटर भूमि खरीदी थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।