अल्मोड़ा।सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बाड़ेछीना में विभिन्न शैक्षिक, रचनात्मक, खेल एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्र निर्माण, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं फिटनेस, खेल भावना, नशा मुक्ति तथा विकसित भारत के संकल्प के प्रति जागरूकता और सक्रिय सहभागिता बढ़ाना रहा। मुख्य अतिथि भैंसियाछाना की ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या ने कहा कि सेवा संकल्प के तहत राष्ट्र निर्माण के लिए जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से जीवन के सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी भैंसियाछाना धीरेन्द्र कुमार पाठक ने कहा कि सफलता के लिए मेहनत और प्रतियोगिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनेक क्षेत्र और अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने महानिदेशक की ओर से जारी विभागीय पत्र का वाचन कर कार्यक्रम की जानकारी दी। प्रभारी प्रधानाचार्या शिप्रा बिष्ट ने छात्राओं से सफलता के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। पीटीए अध्यक्ष आशीष बिष्ट ने कहा कि शिक्षा मनुष्य को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाती है, इसलिए अध्ययन आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान निबंध, भाषण, पोस्टर प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। निबंध प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में अंशुका पूना, ‘सपनों के भारत’ में पायल सुप्याल, जूनियर वर्ग में सुभांगी, भाषण प्रतियोगिता में मानसी, ‘पीढ़ी का कारवां’ विषय के पोस्टर प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में निकिता पटेल, सीनियर वर्ग में भावना भट्ट प्रथम स्थान पर रहीं। ‘पच्चीस करोड़ बच्चों के भारत का सपना’ विषय के जूनियर वर्ग में खुशी मेहरा, सीनियर वर्ग में अंजलि आर्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या ने सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराए गए सैनिटरी पैड छात्राओं को वितरित किए। कार्यक्रम में राजस्व उप निरीक्षक विनोद सिंह विरोडिया सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।