अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज सत्यों में 28 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत 2047 की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं से हुई। भाषण प्रतियोगिता में धर्मेंद्र सतवाल ने प्रथम, प्रियांशु तिवारी ने द्वितीय और मीनाक्षी सतवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में दिया रावत, खुशी राणा और अमन सतवाल ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में नेहा रावत, पवन सेजवली और अक्षत राणा ने स्थान प्राप्त किए। निबंध प्रतियोगिता में दिया रावत, सुहानी राणा और राधा सतवाल ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए।
विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए, जो कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। अतिथियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता की सराहना की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश वर्मा ने की। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष दीवान सिंह सतवाल, पीटीए अध्यक्ष भगवत सिंह सतवाल, ग्राम प्रधान कमला देवी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष भीम सिंह सतवाल, संदीप चौधरी, सुशील पांडे, सौरभ पंत, बीडी पांडे, रिंकू नगरकोटी, सुनीता कपकोटी, कुसुम धोनी और गिरीश टमटा सहित अभिभावक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता विनोद कुमार राठौर ने किया। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश वर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।