अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी उपजिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मतदान केंद्रों के सत्यापन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, सेक्टर निर्धारण और मतदाता सूची के सत्यापन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों को शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा करने तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप और मतदाताओं के आवागमन की सुगम व्यवस्था उपलब्ध हो। सत्यापन के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर उनका समयबद्ध निराकरण किया जाए। सेक्टर निर्धारण की समीक्षा के दौरान उन्होंने भौगोलिक परिस्थितियों, मतदान केंद्रों की दूरी, पहुंच मार्गों और प्रभावी निगरानी को ध्यान में रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेक्टरों का निर्धारण इस प्रकार किया जाए कि मतदान केंद्रों तक आसानी से पहुंचा जा सके और निर्वाचन व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय बना रहे। जिलाधिकारी ने मतदाता सूची का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों में नियमानुसार सुधार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों। अर्हता पूरी कर चुके युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति पंजीकरण से वंचित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र मौजूद रहीं, जबकि सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।