भारत की एयर स्ट्राइक के बाद अर्धसैनिक बलों की छुट्टियां रद्द, इंटरनेशनल बॉर्डर पर हाई अलर्ट

Share This

नई दिल्ली (आरएनएस)। पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए सभी अर्धसैनिक बलों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। गृह मंत्रालय ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सतर्कता बढ़ाने और हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पूरे देश में मॉक ड्रिल की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

गृह मंत्रालय के अनुसार, पंजाब और जम्मू की सीमाओं के साथ-साथ राजस्थान और गुजरात बॉर्डर पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने सभी जिलों को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना ने मंगलवार देर रात 1:28 बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसके तहत लाहौर में हाफिज सईद और बहावलपुर में मसूद अजहर के आतंकी अड्डों को निशाना बनाया गया। इसके साथ ही मुजफ्फराबाद, धामोल, कोटली और बाघ सेक्टर में भी मिसाइल हमले किए गए। इन हमलों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के करीब 30 आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऑपरेशन की पूरी रात निगरानी की, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल लगातार स्थिति का जायजा लेते रहे और उन्हें समय-समय पर जानकारी देते रहे। उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने देर रात आपात बैठक बुलाई और कहा कि पाकिस्तान इस कार्रवाई का जवाब देगा।

देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की ओर से स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है, जबकि सीमावर्ती इलाकों में सेना और अर्धसैनिक बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।