मनसा देवी पैदल मार्ग पर पहुंचा हाथी, श्रद्धालुओं में दहशत

Share This

हरिद्वार(आरएनएस)।  रामनवमी पर शुक्रवार तड़के मनसा देवी पैदल मार्ग पर टस्कर हाथी के आने से श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल रहा। इससे मंदिर में दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं को करीब एक घंटा प्रतीक्षा करनी पड़ी। वन विभाग ने श्रद्धालुओं को रोक कर एक घंटे तक पैदल मार्ग बंद रखा। रामनवमी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनसा देवी मंदिर दर्शन करने निकले। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के जंगल से निकलकर तड़के चार बजे अचानक टस्कर हाथी मंदिर पैदल मार्ग पर पहुंच गया। करीब एक घंटा मौके पर हाथी ने श्रद्धालुओं का रास्ता रोके रखा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हाथी की सूचना पार्क प्रशासन को दी।