कुश्ती प्रतियोगिता में देश के नामचीन पहलवान दिखाएंगे दमखम

Share This

रुद्रपुर(आरएनएस)।  उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को केशव सूर्यमुखी कॉलेज आफ एजुकेशन परिसर में सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य अतिथि कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद बृजभूषण सिंह, उत्तर प्रदेश कुश्ती संगठन के अध्यक्ष करण भूषण सिंह एवं उत्तराखंड कुश्ती संगठन के महासचिव डॉ. एसपी देशवाल शामिल होंगे। आयोजक पूर्व मंत्री स्व. ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह के पुत्र समाजसेवी ठाकुर शिववर्धन सिंह एवं उत्तर प्रदेश कुश्ती संगठन के अध्यक्ष करण भूषण सिंह व सचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता में एशिया के गोल्ड मेडलिस्ट जोंटी पहलवान एवं अर्जुन अवॉर्ड प्राप्त सुनील राणा समेत वाराणसी, आजमगढ़, कानपुर, चंदौसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, रेलवे, मुजफ्फरनगर, नंदिनी नगर, बागपत, गोंडा, गाजीपुर, मथुरा, आगरा, बहराइच, सत्यम एकेडमी मेरठ के अलावा उत्तराखंड के तीन पहलवानों की टीम के साथ-साथ देश के कोने-कोने से एक सौ से अधिक नामचीन महिला एवं पुरुष पहलवान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। ठाकुर शिववर्धन सिंह ने कहा कि उनके पिता भी कुश्ती एवं खेलों के प्रति रुचि रखते थे। इस कारण उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर यह आयोजन किया जा रहा है। साथ ही कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ लोगों में जागरूकता लाना है।