अल्मोड़ा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने कुमामोतो जापान मास्टर्स 2026 सुपर सीरीज 750 टूर्नामेंट जीतकर एक और इतिहास रच दिया है। 10 से 15 नवंबर तक जापान के कुमामोतो शहर स्थित परफेक्चरल जिम्नेजियम में आयोजित इस टूर्नामेंट में लक्ष्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही वह कुमामोतो जापान मास्टर्स जीतने वाले पहले भारतीय शटलर बन गए हैं। हाल ही में लक्ष्य सेन ने हाइलो ओपन टूर्नामेंट को दूसरी बार जीतने वाले पहले भारतीय बनने का इतिहास रचा था। जापान मास्टर्स 2026 में भी उन्होंने उसी लय को बरकरार रखते हुए शानदार प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने मेजबान जापान के खिलाड़ी युशी तनाका को सीधे गेम में 21-16, 21-15 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन का सामना टूर्नामेंट के छठी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के एल्वी फरहान से हुआ। कड़े मुकाबले में लक्ष्य ने 21-12, 12-21, 21-12 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। फाइनल में उनका मुकाबला मेजबान जापान के खिलाड़ी कोकी वातानबे से हुआ। लक्ष्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वातानबे को 13-21, 21-8, 21-14 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत से लक्ष्य सेन को 9200 महत्वपूर्ण अंक मिले और उनके कुल अंक बढ़कर 74180 हो गए हैं। ये अंक उन्हें बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टॉप-8 खिलाड़ियों के बीच आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध टूर्नामेंट में जगह बनाने में मदद करेंगे। लक्ष्य सेन अब तक 15 एकल खिताब जीत चुके हैं, जिनमें आठ बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब शामिल हैं। कुमामोतो जापान मास्टर्स की यह ऐतिहासिक जीत उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है। उनकी इस उपलब्धि से उनके गृह जनपद अल्मोड़ा सहित उत्तराखंड और पूरे देश को गौरव मिला है। लक्ष्य सेन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता व राकेश जायसवाल, डॉ. संतोष बिष्ट, संजय नज्झोंन, डीके जोशी, नंदन सिंह रावत समेत उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और खिलाड़ियों ने लक्ष्य सेन, उनके माता-पिता तथा कोच डीके सेन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। संघ के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि लक्ष्य सेन इसी तरह अपनी ऐतिहासिक उपलब्धियों का सिलसिला जारी रखते हुए देश, राज्य और अपने गृह जनपद अल्मोड़ा को गौरवान्वित करते रहेंगे।