कचरे के ढेर को बदला पार्क में, लगाया ऊर्जा संयंत्र

Share This

देहरादून(आरएनएस)।  रुद्रपुर नगर निगम को कचरे के ढेर को एक सुंदर क्षेत्र में बदलने के साथ कचरे से ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रयासों के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। यह संयंत्र अपशिष्ट से बिजली, तरल और ठोस खाद पैदा करता है। वहीं, हल्द्वानी नगर निगम को शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने में महिला स्वयं सहायता समूह, बैंणी सेना के उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। पुरस्कार समारोह 15 फरवरी को दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में स्कॉच समूह की ओर से आयोजित किया गया। रुद्रपुर नगर निगम की अपर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे और हल्द्वानी नगर निगम की ओर से पंकज उपाध्याय ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। इन दोनो अभिनव प्रयासों को पूर्व में जिला प्रशासन की ओर से भी सम्मानित किया जा चुका है। उत्तराखंड राज्य में स्वच्छता के उच्च मानक स्थापित किए जाने के दृष्टिगत केंद्र सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से अक्तूबर 2024 में इन दो निगमों का चयन किया गया था। बता दें कि स्वच्छ भारत मिशन के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर के 75 शहरों में स्वच्छता पहल की सफलता की कहानियों के लिए प्रकाशित पुस्तक में भी इन दोनों अभिनव प्रयासों को जगह मिली है।
शहरी विकास विभाग मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, सचिव नितेश झा और शहरी विकास निदेशालय की निदेशक नितिका खंडेलवाल इन नवीन परियोजनाओं में शामिल नगर निकायों को बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अन्य नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के उच्च मानकों के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित होंगे।