हरिद्वार(आरएनएस)। ग्राम सराय के पास नगर निगम के कूड़ा डंपिंग जोन को हटाने की मांग को लेकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण दो दिन से डंपिंग जोन के सामने धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक डंपिंग जोन हटाया नहीं जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार ने कहा कि डंपिंग जोन स्थापित किए जाने के समय भी ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था। आरोप लगाया कि कूड़े से उठने वाली बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।उन्होंने कहा कि जनहित में डंपिंग जोन को हटाया जाना जरूरी है। ग्राम सुभाषगढ़ के उपप्रधान गौरव शर्मा और ग्रामीण अंकित पेगवाल ने कहा कि बरसात के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। डंपिंग जोन के बाहर मुख्य मार्ग पर कूड़ा फैलने से आवाजाही में भी परेशानी होती है। ग्रामीण राहुल कुमार और रवींद्र कुमार ने कहा कि अधिकारी कुछ दिन क्षेत्र में रहकर यहां की स्थिति देखें, तब उन्हें लोगों की परेशानी का अंदाजा होगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2013 से डंपिंग जोन के कारण क्षेत्र के लोग परेशान हैं। आसपास स्कूल होने के कारण छोटे बच्चों को भी बदबू के बीच पढ़ना पड़ता है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जनहित में डंपिंग जोन हटाने की मांग की। धरने में डॉ. अनूप कुमार, अरुण मालियान, आशीष कर, मीनू कुमार, मुकेश, संजीव, जयंती रामराने, अब्दुल सत्तार, भूपेंद्र सिंह, विजयेंद्र, अंशुल, चंदर, ओमकार, शाहिद, करतार सिंह, संजय, सचिन, लखबीर सिंह, श्रवण कुमार, सीताराम, लखमीचंद, विद्या, छोटेलाल, आत्माराम और हारून समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।