एंबुलेंस दुर्घटना में दो मौतों के मामले में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Share This

अल्मोड़ा। लमगड़ा थाना क्षेत्र में हुई एंबुलेंस दुर्घटना के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, बमनस्वाल निवासी गंगा देवी ने तहरीर सौंपी है। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को वह अपने पति भुवन चंद्र उप्रेती के शव के साथ दिल्ली से गांव लौट रही थीं। एंबुलेंस में उनके साथ भांजी रमा तिवारी और विनोद कुमार भट्ट भी सवार थे। वाहन को सुनील कुमार चला रहा था। गंगा देवी ने आरोप लगाया कि कई बार समझाने के बावजूद चालक ने लापरवाही से एंबुलेंस चलानी जारी रखी। सुबह लगभग साढ़े दस बजे कपकोट के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गंगा देवी घायल हो गईं, जबकि विनोद कुमार भट्ट को बेस अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल रमा देवी को उपचार के लिए दिल्ली एम्स भेजा गया, जहां बाद में उसकी भी मृत्यु हो गई। एसओ राहुल राठी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक सुनील कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।