जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने ली बैठक

Share This

अल्मोड़ा(आरएनएस)।   जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था, राजस्व/वसूली से सम्बन्धी कार्यों आदि की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित की गई। स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ने अधीनस्थ अधिकारियों को जनपद की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किए जाने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निकट भविष्य में निकाय चुनाव एवं पंचायत चुनाव भी होंगे, जिसके लिए सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अन्य राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब भी आपदा संबंधी परिस्थितियां बनती हैं तो ऐसी परिस्थिति में कतई भी कोताही न बड़ी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा संबंधी किसी भी घटना में त्वरित कार्यवाही की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक घटना में संबंधित अधिकारी/कर्मचारी मौके पर जरूर पहुंचे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आपदा संबंधी राहत राशि को वितरित करने में भी शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय की कमी न रहे। बल्कि आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में अवैध खनन, अवैध तस्करी, नशीले पदार्थों की तस्करी, ओवर लोडिंग जैसे सभी अवैध कार्यों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जाएं एवं ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन की गतिविधियों को बढ़ाया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधितों को निर्देशित किया कि अपराध के विचाराधीन सभी मामलों का निस्तारण समयानुसार किया जाए। तथा अपराधों के संबंध में जन जागरूकता बढ़ाई जाए। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके स्तर पर जो भी मजिस्ट्रियल जांच लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही उन्होंने कलेक्ट्रेट के समस्त स्टाफ को भी निर्देशित किया कि उनके संबंधित पटल पर कोई भी फाइल लंबित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत राहुल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक हरवंश सिंह, उपजिलाधिकारी सल्ट संजय कुमार, भिकियासैंण सीमा विश्वकर्मा, जैंती/भनोली एनएस नगन्याल, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कलेक्ट्रेट स्टाफ के अधिकारी एवं कर्मचारी समेत अन्य उपस्थित रहे।