अल्मोड़ा। आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा ने उत्तरी कमान प्रधानाचार्य सम्मेलन-2026 में अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों का परचम लहराते हुए तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किए हैं। यह सम्मेलन बीती 18 और 19 नवंबर को आर्मी पब्लिक स्कूल, ओल्ड कैंट, प्रयागराज में आयोजित किया गया। विद्यालय को सत्र 2025-26 की कक्षा दसवीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्तरी कमान के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मुख्यालय उत्तरी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ द्वारा प्रतिष्ठित रोलिंग ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील जोशी को उत्कृष्ट नेतृत्व एवं शैक्षणिक प्रशासन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रधानाचार्य पुरस्कार तथा शिक्षिका माया जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया गया। एक ही सम्मेलन में विद्यालय को तीन महत्वपूर्ण पुरस्कार मिलना उसकी शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों की प्रतिबद्धता, विद्यार्थियों की मेहनत और विद्यालय प्रबंधन के कुशल मार्गदर्शन को दर्शाता है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। प्रधानाचार्य सुशील जोशी ने इस गौरवपूर्ण सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग तथा विद्यालय प्रबंधन के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने भविष्य में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प व्यक्त किया। विद्यालय की यह उपलब्धि आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा के साथ ही समस्त अल्मोड़ा क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।