
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान जारी है। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगरों, कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को प्रभारी निरीक्षक यातायात अल्मोड़ा हयात सिंह ने यातायात पुलिस टीम के साथ विवेकानंद इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता, हेलमेट पहनने के सही तरीके तथा वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनने यानी डबल हेलमेट के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्र-छात्राओं को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में सभी को सड़क पर हमेशा सतर्क और जिम्मेदार व्यवहार अपनाना चाहिए। अल्मोड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

