
अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा की ओर से संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत विकासखंड भीमताल के चांफी गांव में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं संतुलित उर्वरक उपयोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 29 किसानों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 19 पुरुष और 10 महिला किसान शामिल रहीं। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. गौरव वर्मा, डॉ. अमित ठाकुर और डॉ. पंकज कुमार मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में डॉ. पंकज कुमार मिश्रा ने ‘खेत बचाओ अभियान’ के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए टिकाऊ कृषि उत्पादन के लिए मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करने और संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. गौरव वर्मा ने बताया कि मृदा परीक्षण के अनुसार उर्वरकों का प्रयोग करने से पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता बढ़ती है, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है और रासायनिक उर्वरकों के अनावश्यक उपयोग को कम किया जा सकता है। डॉ. अमित ठाकुर ने किसानों से कृषि कार्यों में आने वाली प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की। किसानों ने सिंचाई के लिए पर्याप्त जल संसाधनों की कमी, मृदा परीक्षण के लाभों की जानकारी का अभाव, बंदरों और जंगली भालुओं सहित जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान तथा कृषि निवेश और उपयोगी तकनीकी जानकारी समय पर उपलब्ध न होने की समस्याएं साझा कीं। किसानों ने समस्याओं के समाधान के लिए खेतों पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, फसल सुरक्षा एवं पादप संरक्षण उपायों की बेहतर उपलब्धता, कृषि निवेशों की पर्याप्त और समयबद्ध आपूर्ति तथा हल्की और आसानी से संचालित होने वाली कृषि मशीनों की उपलब्धता की आवश्यकता बताई। किसानों के सुझावों से पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि को अधिक व्यावहारिक, लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तकनीकी सहयोग तथा किसानों की क्षमता वृद्धि की आवश्यकता सामने आई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों में मृदा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन और संतुलित उर्वरक उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा, ताकि पर्वतीय कृषि की उत्पादकता, स्थिरता और दीर्घकालिक टिकाऊपन को बढ़ावा मिल सके।

