एनबी बिनवाल को श्रद्धांजलि, संघर्षपूर्ण जीवन को किया नमन

Share This

अल्मोड़ा। पूर्व कर्मचारी नेता एवं सामाजिक आंदोलनों के सक्रिय कार्यकर्ता एन.बी. बिनवाल के निधन पर बुधवार को नगर निगम सभागार में विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने तथा संचालन गिरीश मल्होत्रा ने किया। शोकसभा में वक्ताओं ने कर्मचारी आंदोलन, ट्रेड यूनियन समन्वय आंदोलन, ‘नशा नहीं, रोजगार दो’ अभियान और उत्तराखंड राज्य आंदोलन में एन.बी. बिनवाल की सक्रिय भूमिका को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में कर्मचारियों और आमजन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया तथा सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। पी.सी. तिवारी, चंद्रमणि भट्ट, कर्मचारी नेता धीरेन्द्र पाठक और एसएसजे विश्वविद्यालय के कैलाश छिमवाल ने बिनवाल के साथ जुड़े अपने अनुभव साझा किए। प्रेस क्लब अध्यक्ष जगदीश जोशी और दयाकृष्ण कांडपाल ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया। शोकसभा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, कर्मचारी नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।