यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 96 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई

Share This

अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने जनपदभर में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान तेज करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 96 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। वहीं पुलिस सत्यापन के बिना रह रहे 19 बाहरी व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद के प्रवेश मार्गों, बाजारों, कस्बों, चौराहों, पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में होटल, ढाबों, रिजॉर्ट और रेस्टोरेंटों की भी जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोका जा सके। अल्मोड़ा पुलिस ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें।