बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं, बावन सीढ़ी मार्ग का गेट हटाने से मेयर का इनकार

Share This

अल्मोड़ा। नगर के बावन सीढ़ी मार्ग पर लगाए गए गेट को लेकर नगर निगम मेयर अजय वर्मा ने कहा कि गेट स्थानीय लोगों के आग्रह पर स्कूली बच्चों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इससे किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। मेयर ने कहा कि बावन सीढ़ी मार्ग के आसपास सरस्वती शिशु मंदिर, विवेकानंद और एडम्स समेत कई विद्यालय हैं। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। मार्ग कई स्थानों पर बेहद संकरा है और दोपहिया वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय महिलाओं और नागरिकों की लंबे समय से गेट लगाने की मांग के बाद नगर निगम ने यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी की सुविधा प्रभावित करना नहीं, बल्कि संवेदनशील मार्ग पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने पर उन्होंने कहा कि नगर निगम किसी दबाव में गेट नहीं हटाएगा। मेयर ने कहा कि जो जनप्रतिनिधि मार्ग खोलने की मांग कर रहे हैं, वे लिखित रूप में यह जिम्मेदारी लें कि गेट हटाए जाने के बाद यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी और दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के उपचार का खर्च वे वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि यह जिम्मेदारी लिखित रूप में लेने को तैयार हैं तो नगर निगम मार्ग खोलने के संबंध में विचार कर सकता है।