अल्मोड़ा। विकासखंड भैसियाछाना के अंतर्गत ग्रामोत्थान रीप परियोजना द्वारा अंगीकृत मां सरयू स्वायत्त सहकारिता सल्लाभाटकोट की पहली वार्षिक साधारण सभा आयोजित की गई। सभा में सहकारिता की गतिविधियों, आय-व्यय और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा के साथ नई समितियों का गठन और चुनाव किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। सहकारिता की कोषाध्यक्ष मीना देवी ने सदस्यों से एकजुट होकर सहकारिता को मजबूत बनाने का आह्वान किया। व्यापार प्रोत्साहक मेघा मेहता ने सहकारिता के कार्यों, आय-व्यय और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। आजीविका समन्वयक मोहन जोशी ने सहकारिता के सिद्धांतों और ग्रामोत्थान रीप परियोजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों और एकल उद्यमियों के माध्यम से बेहतर कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक मिशन प्रबंधक विनोद रावत ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित योजनाओं और महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के अवसरों की जानकारी दी। सभा में उपार्जन समिति, लेखा समिति, मध्यस्थता समिति और संचालक मंडल का गठन एवं चुनाव किया गया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन मूल्यांकन, अनुश्रवण एवं वित्त सहायक आनंद आर्य ने किया। कार्यक्रम में मां सरयू स्वायत्त सहकारिता, जय भारत सहकारिता और भूमिका स्वायत्त सहकारिता के स्टाफ, ग्रुप मोबिलाइजर, शेयरधारक, पदाधिकारी एवं आईपीआरपी कर्मचारी मौजूद रहे।
