रेडक्रॉस ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Share This

अल्मोड़ा। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसायटी अल्मोड़ा ने रविवार सुबह जिलाधिकारी आवास के निकट वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया।

इस दौरान देवदार, बांज, नींबू, कढ़ीपत्ता सहित कई छायादार और उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखभाल सुनिश्चित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करना है।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान से जुड़ें तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव संभव है।

मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अभियान में रेडक्रॉस सोसायटी के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, चेयरमैन आशीष वर्मा, यूथ चेयरमैन अमित साह ‘मोनू’, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, नामित पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह, पार्षद अभिषेक जोशी, पवन साह, वरिष्ठ सदस्य अनूप साह, राजेश खोलिया, अमन नगरकोटी, अरविंद जोशी सहित अनेक सदस्य और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए।

कार्यक्रम का समापन लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेकर किया गया।