अल्मोड़ा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के गुरुवार, 4 जून को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे के मद्देनजर पुलिस ने नगर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा तथा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस द्वारा जारी यातायात योजना के अनुसार पिथौरागढ़, दन्या, जागेश्वर और बागेश्वर की ओर से कार्यक्रम में आने वाले वाहनों को बलडोटी बैण्ड, शैल बैण्ड, लक्ष्मेश्वर तिराहा और पाण्डेखोला होते हुए जलाल बैण्ड तक पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों की पार्किंग रोडवेज स्टेशन, जलाल बैण्ड से पाण्डेखोला तथा पाण्डेखोला से कोसी रोड तक सड़क किनारे निर्धारित की गई है।

चम्पावत, लमगड़ा, रुद्रपुर, हल्द्वानी, नैनीताल और खैरना की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तिनारधार बैण्ड, करबला तिराहा और आरसीएम मॉल क्षेत्र को स्टॉपर प्वाइंट बनाया गया है। इन वाहनों को करबला तिराहा और डोलीडाना तथा बेस तिराहा से तिनारधार बैण्ड तक पहुंचाया जाएगा। इनके लिए तिनारधार से बेस तिराहा, होली एंजिल रोड, लोधिया रोड तथा करबला तिराहा से ब्राइट एंड कॉर्नर तक पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस ने नियमित और पर्यटन वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। कोसी से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को पाण्डेखोला से लक्ष्मेश्वर, शैल बैण्ड, एनटीडी और धारानौला होते हुए लोधिया मार्ग से भेजा जाएगा। कौसानी और सोमेश्वर की ओर से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को सोमेश्वर से रानीखेत और खैरना मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं जागेश्वर और दन्या से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को सुवाखान से लमगड़ा और शहरफाटक मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

हल्द्वानी से अल्मोड़ा, कोसी और बागेश्वर आने वाले सभी वाहनों को करबला तिराहा से चौघानपाटा, माल रोड और लक्ष्मेश्वर होते हुए पाण्डेखोला की ओर भेजा जाएगा। अपर माल रोड पर लक्ष्मेश्वर से बाजार की ओर आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।

पुलिस के अनुसार लोअर माल रोड पर पाण्डेखोला तिराहे से बेस तिराहे तक गुरुवार सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही कार्यक्रम अवधि में अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।