अल्मोड़ा। जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर वीवीआईपी मार्ग तक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जबकि जिलेभर में सघन जांच और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सुरक्षा प्रबंधन के प्रत्येक पहलू पर वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार नजर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में दिन-रात जांच अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती चेकपोस्टों, प्रमुख मार्गों तथा आंतरिक संपर्क मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ उनका सत्यापन भी कराया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत होटल, अतिथि गृह, धर्मशालाओं तथा अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरे बाहरी लोगों का भी सत्यापन किया जा रहा है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया गया है। पुलिस ने आम जनता से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस इकाई को देने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।