अल्मोड़ा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार को कसार देवी मंदिर परिसर में हरित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने भी योगाभ्यास कर सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू मुख्य अतिथि रहीं, जबकि जिला पंचायत सदस्य प्रदीप मेहता, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष मोहन रयाल और मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष कुंदन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयुष विभाग की ओर से वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. कुबेर सिंह अधिकारी, जनपद स्तरीय कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. अजीत तिवारी, राष्ट्रीय आयुष मिशन की नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा त्यागी सहित विभाग के चिकित्सकों, फार्मेसी अधिकारियों, पंचकर्म सहायकों और अन्य कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मंजू बोरा ने किया। योग अनुदेशकों की टीम ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। आयोजन में स्थानीय नागरिकों के साथ बाहरी पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में कुल 85 लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को आयुष विभाग के कैलेंडर और जनजागरूकता सामग्री भेंट की गई। अंत में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।