एसएसबी महानिदेशक ने क्षेत्रीय मुख्यालय अल्मोड़ा का किया दौरा

Share This

अल्मोड़ा। सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक अमृत मोहन प्रसाद ने मंगलवार को अल्मोड़ा स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय का दौरा किया। उनके आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर के तहत सम्मानपूर्वक सलामी दी गई। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। महानिदेशक ने कार्यालय और परिसर का निरीक्षण किया तथा बल के सभी अधिकारियों और जवानों से संवाद किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बलकर्मियों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और जवानों से उनके सुझाव भी आमंत्रित किए। बल के भीतर बेहतर कार्य प्रणाली और जवानों की भलाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने जवानों से उनकी समस्याएं जानी और समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर सीमान्त मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार, क्षेत्रीय मुख्यालय अल्मोड़ा के उप-महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और सभी जवान उपस्थित रहे।