रानीधारा सड़क का कार्यदायी विभागीय अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Share This

अल्मोड़ा। लम्बे समय से बदहाली का दंश झेल रहे रानीधारा मार्ग की हालत सुधरने की आस जगी है। सड़क सुधारीकरण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है और सड़क किनारे नाली निर्माण का कार्य पचास प्रतिशत से अधिक हो चुका है। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को नगर निगम अल्मोड़ा के सहायक नगर आयुक्त भरत त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग के एई, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता, जल संस्थान के सहायक अभियंता ने संयुक्त रूप से रानीधारा सड़क का निरीक्षण किया। सहायक नगर आयुक्त भरत त्रिपाठी ने गुणवत्ता पूर्वक निर्माण करने के निर्देश भी सम्बन्धित ठेकेदार को दिए साथ ही उनके द्वारा स्थानीय लोगों से भी मौके पर संवाद स्थापित कर आमजन की समस्याओं को जाना गया तथा उनके त्वरित समाधान के लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। स्थानीय सभासद अमित साह मोनू ने कहा कि जनता की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए लगातार रानीधारा में कार्य की मानिटरिंग की जा रही है जिससे कि गुणवत्ता पूर्ण सड़क का निर्माण हो। भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी ने कहा कि सरकार के द्वारा जनहित में रानीधारा मार्ग के सुधारीकरण के लिए धनराशि अवमुक्त की गयी है। निर्माण कार्य के टेंडर भी हो चुके हैं और बहुत जल्द रानीधारा सड़क गुणवत्ता के साथ बनकर तैयार हो जाएगी। इस अवसर पर नगर निगम के अमीन बसंत बल्लभ पाण्डेय, हर्षवर्धन तिवारी, दीपांशु पांडे, आदि स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे।