एक सितंबर को गैरसैंण में होगी मूल निवास स्वाभिमान महारैली

चमोली(आरएनएस)।  मूल निवास एवं भू कानून समन्वय संघर्ष समिति की बैठक रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से एक सितंबर को मसूरी -खटीमा गोली कांड की बरसी पर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में मूल निवास स्वाभिमान महारैली का आयोजन किया जायेगा जिसमें प्रदेश भर से 50 हजार लोगों को जुटाने की लक्ष्य रखा गया है।
समन्वय संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोहित डिमरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मूल निवास एवं भू कानून तथा गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी बनाने के सवाल पर एक बड़ा जनआंदोलन प्रारंभ किया जायेगा। स्थायी राजधानी गैरसैंण निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट ने कहा कि अपनी जमीन एवं मूल निवासियों का अस्तित्व बचाने के लिए आंदोलन आवश्यक है। कहा कि गैरसैंण हमारी आत्मा है तथा गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। संघर्ष समिति सहसंयोजक लुशुन टोडरिया एवं सचिव प्रांजन नौटियाल ने कहा कि आम जनता को आंदोलन से जोड़ने के लिए व्यापक रणनीति बनायी जा रही है। बैठक में नारायण सिंह बिष्ट को संघर्ष समिति का संरक्षक, भुवन कठैत को कुमाऊं मंडल संयोजक तथा विपिन नेगी को गढ़वाल मंडल का सह संयोजक नामित किया गया। इसके साथ ही देवेन्द्र बिष्ट को कोर समिति सदस्य के साथ ही गैरसैंण विकासखंड की कार्यकारिणी में जसवंत सिंह संयोजक, पंकज धीमान सहसंयोजक, पंकज रावत सचिव, कपिल सहसंयोजक, पूरन सिंह, मनवर पंवार, सुरेन्द्र पंवार संरक्षक तथा लक्ष्मण खत्री, बीएस बुटोला, भरत और मनीष नेगी को सदस्य नामित किया गया है।