ट्रैक्टर से गिरकर ट्राली की चपेट में आने से युवक की मौत

Share This

काशीपुर(आरएनएस)। कोसी नदी से बजरफुट लेने गए एक युवक की ट्रॉली के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कुंडेश्वरी पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। कुंडेश्वरी के गांव भीमनगर, बज्जरपट्टी निवासी हरदीप सिंह (24 वर्षीय) पुत्र हरभजन सिंह गुलजारपुर के एक स्टोन क्रशर स्वामी का ट्रैक्टर चलाता था। शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर बजरफुट लाने के लिए बंजारी गेट गया था। नदी से माल निकालकर सड़क पर आते हुए अधिक लोड के कारण ट्रैक्टर-ट्राली का संतुलन बिगड़ गया। इससे वह ट्रैक्टर से गिरकर ट्राली के नीचे आ गया। हादसे में हरदीप की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कुंडेश्वरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के मुताबिक किसी बात को लेकर वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। मृतक दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।