वर्ल्ड पीस मिशन अभियान का पोस्टर जारी

देहरादून(आरएनएस)। वर्ल्ड पीस मिशन के द्वितीय चरण का शुभारम्भ रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अभियान का पोस्टर जारी कर और अभियान संयोजक डॉ. बिपिन जोशी को श्रीराम नामी पटका पहनाकर किया। इससे पूर्व योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने सिनर्जी अस्पताल में पहुंचकर पूज्य जगतगुरु रामभद्राचार्य महाराज से अभियान की सफलता का आशीर्वाद लिया। काबीना मंत्री गणेश जोशी ने अभियान की सफलता की कामना करते हुए प्राचीन ऋषि मुनि परंपरा, योग अध्यात्म और आयुर्वेद को देवभूमि उत्तराखंड की विरासत बताया। अभियान संयोजक योगाचार्य बिपिन जोशी ने बताया कि वर्ल्ड पीस मिशन द्वितीय चरण में 5 से 7 फरवरी तक सिंगापुर, 8 से 10 फरवरी मलेशिया और 11 से 13 फरवरी तक थाइलैंड में विश्व शांति और सौहार्द के लिए योग, ध्यान और सर्वधर्म समभाव के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।