विकास कार्यों के टेंडर निरस्त करने पर पार्षदों में गुस्सा

Share This

रुड़की(आरएनएस)।  शहर में आज नगर निगम के आयुक्त का पुतला दहन कर पार्षद अपना विरोध दर्ज कराएंगे। पार्षदों का कहना है कि विकास कार्यों से संबंधित टेंडर निरस्त करने, पथ प्रकाश, साफ सफाई आदि कार्य शिक्षा नगरी में नहीं हो रहे हैं। जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। नगर निगम की ओर से आश्वासन मिलता है लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हो रहे हैं। रविवार को पार्षद चारु चंद्र के कार्यालय पर पार्षदों ने बैठक की। बैठक में नगर निगम की ओर से विकास कार्य संबंधित टेंडर निरस्त करने, पथ प्रकाश, सफाई कार्य आदि जैसी समस्याओं को लेकर चर्चा की। पार्षदों ने एक सुर में कहा कि नगर निगम केवल आश्वासन देता है। लेकिन धरातल पर कोई भी विकास कार्य और समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब शहर की समस्या को लेकर पार्षदों की ओर से मोर्चा खोला जाएगा। जिसके लिए आज पार्षद एकजुट होकर नगर आयुक्त का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। बैठक में पार्षद पंकज सतीजा, नितिन त्यागी, प्रमोद पाल, आशीष अग्रवाल, धीरज कुमार और चंद्र प्रकाश बाटा आदि मौजूद रहे। पार्षद नितिन त्यागी ने बताया कि नगर निगम के आयुक्त खिलाफ पार्षद एकजुट होकर जनसमस्या समाधान और विकास कार्यों के नहीं होने पर पुतला दहन कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे करेंगे।