हरिद्वार। लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास देर रात स्कॉर्पियो और मिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जिले का एक परिवार लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। समारोह के बाद परिवार के सात सदस्य देर रात स्कॉर्पियो से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इसी दौरान भैंसली वाला गांव के पास सामने से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर से उनकी स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी 35 वर्षीय बहन निशा, 37 वर्षीय बहन राखी और आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार और परिचितों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।

उधर, हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्सर-पुरकाजी रोड पर मिट्टी से भरे डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से भारी वाहनों की नियमित जांच, गति पर नियंत्रण और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।