टिकट नहीं मिलने से नाराज कर्नाटक दम्पति ने छोड़ी कांग्रेस

Share This

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में कांग्रेस ने गुरुवार को जहाँ एक तरफ आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों को पार्टी में शामिल कराया वहीं दूसरी तरफ एक झटका भी लगा है। नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ पार्टी में जुड़ने और छोड़ने वालों का सिलसिला भी जारी हो गया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सुनील कर्नाटक और उनकी पत्नी सोनिया कर्नाटक ने टिकट नहीं मिलने की बात कहते हुए पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा नगर निगम की सीट ओबीसी आरक्षित हुई और उनकी पत्नी ओबीसी वर्ग से ताल्लुक रखती हैं तो उनको टिकट देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उनकी धर्मपत्नी के दावेदारी के बाद भी टिकट नही मिलने के विरोध में वह पार्टी से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 24 वर्ष से तथा उनकी पत्नी 22 वर्ष से पार्टी की सेवा कर रही हैं लेकिन इसके बावजूद उनकी नहीं सुनी गई और पार्टी में एक दिन पहले आए व्यक्ति को पार्टी ने टिकट दे दिया। विदित हो कि इससे पूर्व कांग्रेस जिला महामंत्री त्रिलोचन जोशी और प्रदेश उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक भी खफा होकर पार्टी छोड़ चुके हैं।