अल्मोड़ा। नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा की अध्यक्षता में नगर निगम के पार्षदों को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अभियान को सफल बनाने में वार्डों और समुदाय की भूमिका पर चर्चा की गई।
नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में वार्डों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पार्षदों से जन-जागरूकता बढ़ाने, टीबी से जुड़े भेदभाव को दूर करने और मरीजों को उपचार पूरा करने में सहयोग देने के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
वरिष्ठ जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रांशु डेनियल ने कहा कि विभाग और सरकार की योजना के तहत कर्मचारियों द्वारा अंतिम छोर तक टीबी रोग के कारण, लक्षण और निदान की जानकारी पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि विभागीय लक्ष्यों को हासिल करने में अल्मोड़ा राज्यभर में प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहा है।
टीबी मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने पार्षदों से अभियान में सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी अभियान से जब जनसमुदाय का व्यक्तिगत और सामूहिक जुड़ाव होता है तो उसकी सफलता की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सरकारी पहल और जनभागीदारी के बल पर ही देशव्यापी अभियान सफल हो सकते हैं।
कार्यक्रम में अंजू बिष्ट, जगमोहन बिष्ट, ज्योति शाह, सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी, मनोज रावत, शरद मेहता और भूपाल मनराल मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक आनंद सिंह मेहता ने किया।