तलवार लगने से युवती जख्मी, मुकदमा दर्ज

Share This

ऋषिकेश(आरएनएस)।  ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में लक्ष्मण झूला रोड पर चंद्रभागा पुल के पास एक कार ने दूसरी कार को पीछे से टक्कर मार दी।  इस दौरान एक कार से उतरे पर्यटक ने गुस्से में दूसरी कार का शीशा तोड़ दिया। विवाद बढ़ा तो स्थानीय लोगों ने पर्यटक को घेर लिया। इसके बाद पर्यटक ने भी कार में रखी अपनी तलवार निकाली और उसे घुमाना शुरू कर दिया। पर्यटक को गुस्सा देखकर लोग भी इधर-उधर भागने लगे।  बताया जा रहा है कि इस दौरान तलवार वहां से गुजर रही युवती के सिर पर भी लग गई थी, जिससे वो घायल हो गई थी। घायल अवस्था में युवती को सरकारी अस्पताल ले जाया गया।  युवती के चाचा ने पर्यटक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।  पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।  कोतवाल राजेंद्र सिंह खोलिया ने बताया कि आरोपी के कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।