अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के अल्मोड़ा एवं हवालबाग परिसर में स्वच्छता पखवाड़े का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत डॉ. एन.के. हेडाऊ और डॉ. के.के. मिश्रा ने पौधारोपण किया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, विवेकानंदपुरी वार्ड की पार्षद कमला किरोला और नामित वार्ड पार्षद जगमोहन बिष्ट मौजूद रहे। संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में डॉ. मनोज कुमार ने स्वच्छता पखवाड़े के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। महापौर, वार्ड पार्षदों और संस्थान के निदेशक ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के महत्व पर विचार रखे। समापन समारोह में स्वच्छता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच रावे विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। वहीं स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए आठ पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को निरंतर जारी रखने तथा संस्थान एवं समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।