अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा परिसर में छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर लंबे समय बाद वापसी की है। एबीवीपी प्रत्याशी रोहित सिंह कुमल्टा ने एनएसयूआई के अमित बिष्ट को 294 मतों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद अपने नाम किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।

अध्यक्ष पद पर रोहित कुमल्टा की जीत

मंगलवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक परिसर में मतदान हुआ। मतदान को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह रहा और पूरे दिन परिसर में चुनावी सरगर्मी बनी रही। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 2:30 बजे से मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर रोहित सिंह कुमल्टा को 1148 मत मिले, जबकि अमित बिष्ट को 854 मत प्राप्त हुए। रोहित ने 294 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

अन्य पदों पर भी घोषित हुए परिणाम

छात्रा उपाध्यक्ष पद पर रश्मि पांडे विजयी रहीं। उन्हें 1172 मत मिले, जबकि दीपिका बिष्ट को 772 मत प्राप्त हुए। रश्मि पांडे ने 400 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सचिव पद पर भास्कर गिरी गोस्वामी और कोषाध्यक्ष पद पर निकिता मेहरा निर्विरोध निर्वाचित हुए।

संयुक्त सचिव पद पर सीता चम्याल ने 1054 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी नेहा आर्या को 836 मत मिले। सीता ने 218 मतों के अंतर से जीत हासिल की। सांस्कृतिक सचिव पद पर हिमाली जोशी विजयी रहीं। उन्हें 1034 मत मिले, जबकि विकास सिंह को 858 मत प्राप्त हुए। हिमाली ने 176 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दर्शन जोशी ने 1096 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने मुकेश लटवाल को 250 मतों के अंतर से हराया। मुकेश लटवाल को 846 मत मिले। सभी संकाय प्रतिनिधि पदों पर एकल नामांकन होने के कारण प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। कला संकाय प्रतिनिधि पद पर विशाल चन्याल, दृश्य कला संकाय से वीरेंद्र जोशी, वाणिज्य संकाय से भारतेन्दु भाकुनी, विज्ञान संकाय से हर्षिता बोहरा और विधि संकाय से अंकिता भट्ट निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

शपथ दिलाई गई

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। परिणाम घोषित होने के तत्काल बाद नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

एक वोट से शुरू हुआ मुकाबला, पर्ची से तय हुआ परिणाम

चुनाव में उपाध्यक्ष पद को लेकर देर रात तक मतगणना और परिणाम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। पहली मतगणना में भास्कर जोशी को 959 मत मिले, जबकि सुमित जोशी पुत्र हेमंत कुमार जोशी को 958 मत और सुमित जोशी पुत्र चंद्रशेखर कुमार जोशी को 51 मत मिले। एक वोट के अंतर को देखते हुए सुमित जोशी पुत्र हेमंत कुमार जोशी और उनके समर्थकों ने दोबारा मतगणना की मांग की।

देर रात तक चली दोबारा मतगणना में दोनों प्रत्याशियों के मत बराबर आने के बाद प्रशासन ने परिणाम घोषित करने के लिए पर्ची सिस्टम का सहारा लिया। पर्ची में सुमित जोशी पुत्र हेमंत कुमार जोशी का नाम निकलने के बाद उन्हें विजेता घोषित किया गया। इससे पहले पहली मतगणना के बाद भास्कर जोशी को विजयी घोषित कर दिया गया था और उनके समर्थकों ने जश्न भी शुरू कर दिया था। दोबारा मतगणना और पर्ची से परिणाम तय होने के बाद पूरा घटनाक्रम बदल गया।