शैक्षिक प्रगति ही संस्थान की उन्नति का मूल आधार: कुलपति

Share This

हरिद्वार(आरएनएस)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र की शुरुआत संकल्प दिवस के साथ हुई। कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने शिक्षकों और कर्मचारियों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व संस्थान के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में नवीन सत्रारंभ के अवसर पर आयोजित संकल्प दिवस कार्यक्रम में कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने शिक्षा की गुणवत्ता और निरंतर प्रयासों को संस्थान की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि पुराने अनुभव ही नए उपक्रमों की नींव तैयार करते हैं। कार्य करने वाले व्यक्ति के लिए कल कभी नहीं आता, बल्कि जो आज से शुरुआत करता है, वही सफलता की ओर आगे बढ़ता है। कुलपति ने कहा कि शैक्षिक प्रगति किसी भी विश्वविद्यालय के विकास का मूल कारण होती है। विद्यार्थियों के नव-निर्माण के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण, आधुनिक संसाधन और योग्य शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और कौशल से सशक्त बनाना होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दें। कुलपति ने कहा कि सामूहिक प्रयासों और सकारात्मक सोच से ही किसी संस्थान की पहचान मजबूत होती है। संकल्प दिवस के अवसर पर आयोजित यज्ञ में विश्वविद्यालय परिवार ने शैक्षिक उन्नति और बेहतर भविष्य के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार, वित्ताधिकारी प्रो. वीके सिंह, मुख्य परीक्षा नियंत्रक प्रो. एलपी पुरोहित, आईक्यूएसी निदेशक प्रो. पंकज मदान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।