अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में भाषण, निबंध, पेंटिंग और रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल, अति विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल और विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष विनीत बिष्ट रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली ने की। मुख्य अतिथि कुंदन लटवाल ने विद्यार्थियों से सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। महेश नयाल और विनीत बिष्ट ने विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रतिभा को निखारने के साथ रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना के विकास में सहायक होती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गोविंद सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष आशा डालाकोटी, पार्षद हेम तिवारी तथा डॉ. प्रेरणा गुरुरानी, दीपक पांडे, ललित प्रकाश, हेमा पंत, आशुतोष साह, नंदा बल्लभ पांडे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।