अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी ने ताकुला मंडल में बूथ सशक्तिकरण अभियान को गति देते हुए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक को संबोधित करते हुए महेश नयाल ने बताया कि अभियान के तहत पहले मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद शक्ति केंद्रों की बैठकें होंगी और फिर प्रत्येक बूथ पर जाकर बूथ समितियों का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनेक विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इन योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाकर जनता से संवाद मजबूत करें। बैठक में शक्ति केंद्र बैठकों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। भाजपा जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी मनोज जोशी ने कार्यकर्ताओं से पार्टी के सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान करते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार की योजनाओं के दम पर भाजपा जनता का विश्वास लगातार मजबूत कर रही है। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष जगदीश डंगवाल ने की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संगठन के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और बूथ सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर जिला मीडिया सह प्रभारी प्रदीप नगरकोटी, प्रताप नेगी, गोविंद चौहान, भूपाल रावत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष पंकज भाकुनी, जिला पंचायत प्रतिनिधि राहुल कुमार, महामंत्री बीरेंद्र बिष्ट, भूधर भाकुनी सहित मंडल, मोर्चों और शक्ति केंद्रों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
