संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर भाजपा लमगड़ा मंडल की बैठक

Share This

अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी लमगड़ा मंडल की मासिक संगठनात्मक बैठक मंडल अध्यक्ष हरीश सिजवाली की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, सरल ऐप डाउनलोड कराने और उसके उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक सक्रिय रूप से संचालित करने का आह्वान किया गया। इस दौरान नवनियुक्त लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक भगवत सिंह फत्याल तथा स्वयं सहायता समूह की जिला संयोजक नेहा तिवाड़ी का कार्यकर्ताओं ने स्वागत और अभिनंदन किया। बैठक में आगामी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए महिपाल सिंह नैनवाल को कार्यक्रम संयोजक, इन्द्र सिंह डसिला को मंडल संयोजक तथा गोविंद सिंह फत्याल को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में मंडल उपाध्यक्ष नन्दन बिष्ट एवं नीमा ढैला, मंडल महामंत्री जगदीश रावत, मंडल मंत्री महिपाल सिंह नैनवाल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष गौरव बिष्ट, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रमेश कुमार, कार्यकारिणी सदस्य बालम सिंह बिष्ट, शक्ति केंद्र संयोजक उमेश रावत, गोपाल सिंह बिष्ट, बूथ अध्यक्ष गोविंद सिंह फत्याल, युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहित कनवाल सहित मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।