पंचायत चुनाव को लेकर अल्मोड़ा पुलिस अलर्ट, हर गतिविधि पर कड़ी नजर

Share This

अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी देवेन्द्र पींचा के नेतृत्व में जनपद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने, आपराधिक और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतर्क मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने जनपद के प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। अवैध नकदी, मादक पदार्थों, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की तलाशी ली जा रही है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अल्मोड़ा पुलिस सोशल मीडिया पर भी पूरी नजर बनाए हुए है। चुनाव से जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी पींचा ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस हर स्तर पर मुस्तैद है ताकि पंचायत चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।