देहरादून(आरएनएस)। मसूरी के माल रोड के लाइब्रेरी क्षेत्र में शराब के नशे में एक युवती द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो युवकों और दो युवतियों को चौकी लाइब्रेरी लाकर काउंसलिंग की। बाद में चारों पर्यटकों ने अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त किया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात करीब 3:15 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि लाइब्रेरी चौक के पास चार पर्यटक आपस में झगड़ा कर रहे हैं और एक युवती शराब के नशे में गाली-गलौज कर रही है। सूचना पर चौकी लाइब्रेरी क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और सभी को चौकी ले आए।
पूछताछ में पता चला कि चारों पर्यटक दिल्ली से मसूरी घूमने आए थे। पुलिस के मुताबिक, एक युवती ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था, जिसके कारण वह नशे की हालत में अपने साथियों से विवाद करने लगी। चौकी में काउंसलिंग के दौरान युवती ने पुलिस, अन्य पर्यटकों और अपने साथियों पर भी अनर्गल आरोप लगाए।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि युवती का नशा कम होने के बाद चारों पर्यटकों ने अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर चौकी से रवाना कर दिया।
