0 1 min 2 dys

‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर विद्यार्थी रखेंगे विचार, राज्यभर से 140 विद्यार्थी होंगे शामिल

 

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान के तहत अल्मोड़ा जनपद के 12 विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय संवाद कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थी 18 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर अपने विचार साझा करेंगे। राज्यभर से चयनित कुल 140 विद्यार्थी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों से भी होगा संवाद

मुख्यमंत्री के साथ संवाद से पहले शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों द्वारा चयनित विद्यार्थियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन तथा महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विद्यार्थियों के सुझाव सुने जाएंगे। विभागीय अधिकारी उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराएंगे।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजे विचार

मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान की शुरुआत 10 अगस्त 2026 को हुई थी। अभियान के तहत कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों से राज्य के विकास और भविष्य को लेकर विचार आमंत्रित किए गए थे। राज्यभर में 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने विचार भेजे और सहभागिता प्रमाणपत्र प्राप्त किया। प्राप्त प्रविष्टियों का विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन करने के बाद 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया गया।

करियर कोचिंग के लिए दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों के विचारों को शासन की नीति-निर्धारण प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 12 के बाद करियर कोचिंग के लिए अधिकतम दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दिए जाने की घोषणा भी की गई है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना और उनके नवाचारपूर्ण सुझावों को सरकारी योजनाओं एवं नीतियों में उपयोग करना है।

अल्मोड़ा से चयनित विद्यार्थी

अल्मोड़ा जनपद से लक्षित काण्डपाल, कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज द्वाराहाट; उमा, कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज खीड़ा, चौखुटिया; मनीष सिंह रावत, कक्षा 12, राजकीय इंटर कॉलेज कनमूंगा किचार, स्याल्दे; शिवांश आर्य, कक्षा 12, राजकीय इंटर कॉलेज स्याल्दे; भारत सिंह, कक्षा 12, राजकीय इंटर कॉलेज जैना, तारीखेत; अमन, कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज लौधिया खान, तारीखेत; अमन खोलिया, कक्षा 12, इंटर कॉलेज दौलाघट; पीहू बोरा, कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर, ताकुला; नीतू, कक्षा 12, राजकीय इंटर कॉलेज डीनापानी, हवालबाग; मयंक भण्डारी, कक्षा 12, कुमांचल अकादमी; गोलू टम्टा, कक्षा 12, राजकीय इंटर कॉलेज बाराकुना, धौलादेवी तथा साक्षी गुररानी, कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊ, लमगड़ा का चयन हुआ है।