केमू ने 87वीं वर्षगांठ पर जनसेवा को और सुदृढ़ करने का लिया संकल्प

Share This

हल्द्वानी। मंगलवार को काठगोदाम स्थित कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड (केमू) ने अपनी 87वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई। इस अवसर पर संस्था ने जनहित में परिवहन सेवाओं को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पदाधिकारी, वाहन स्वामी, कर्मचारी, चालक और परिचालक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसके बाद वक्ताओं ने संस्था की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विचार रखे।
इस दौरान लेखाकार चरन मनराल ने स्वरचित कुमाऊनी कविता ‘त्यर केमू, म्यर केमू, य छ हमर केमू’ की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भावनात्मक बनाया। अधिशासी अधिकारी हिम्मत सिंह नयाल ने बताया कि संस्था की स्थापना 14 अप्रैल 1939 को गोविन्द वल्लभ पंत के प्रयासों से हुई थी और शुरुआत में नौ कंपनियों की बसें इसके प्रबंधन में संचालित थीं।
उन्होंने कहा कि तब से लेकर अब तक संस्था कुमाऊं क्षेत्र में निरंतर परिवहन सेवाएं प्रदान कर रही है। अध्यक्ष सुरेश सिंह डसीला ने इसे पहाड़ की पहचान बताते हुए आम जनता से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में बृजेश तिवारी, रवि सनवाल, मोहम्मद अहमद, हेमंत शाह, बहादुर सिंह बिष्ट, कविंद्र ढैला, सुनील आर्या और विक्रम नगरकोटी सहित अन्य मौजूद रहे।