नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने हीरा बल्लभ भट्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सेंट एंटोनी कॉन्वेंट मिशन स्कूल और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता और जलजनित रोगों से बचाव के उपाय बताए।

सीएमओ ने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की नियमित सफाई और हाथ धोने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन प्रार्थना सभा में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी देने को भी कहा। साथ ही आरबीएसके टीम को ज्योलिकोट क्षेत्र के विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को पीएचसी ज्योलिकोट में 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और 27 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। सीएमओ ने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।