गहरी खाई में गिरी टैक्सी; एक की मौत, एक गंभीर घायल

Share This

अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा के पनुवादोखन क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना सुबह करीब 5:15 बजे उस समय हुई, जब एक टैक्सी कार संख्या यूके19 टीए-2494 दिल्ली से तिमली देघाट की ओर जा रही थी। वाहन अनियंत्रित होकर गोदी के पास लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही भतरौजखान पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वाहन चालक सुरेश कुमार (उम्र 45 वर्ष), निवासी स्याल्दे, गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से रामनगर भेजा गया। वहीं, टैक्सी में सवार मोहित कुमार (उम्र 21 वर्ष), पुत्र चंदनराम, निवासी ग्राम तिमली पिपोरा, स्याल्दे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस द्वारा पंचनामा व अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।