दून के विकास को लेकर उदासीनता का आरोप लगाया

Share This

देहरादून(आरएनएस)। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने शनिवार को मेहूंवाला क्षेत्र में जनसंवाद के दौरान विकास कार्यों में उदासीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक नगर निगम बोर्ड काम कर रहा था, तब मेयर विकास को लेकर उदासीन थे। उनके पास विकास कार्यों का रोडमैप तक नहीं था। अब बोर्ड भंग हो चुका है तो बाकी काम भी ठप पड़ गए हैं। गली-मोहल्ले में सड़कों के गड्ढे नहीं भरे जा रहे हैं। जोशी ने कहा कि देहरादून की समस्या को लेकर भाजपा और उनके मेयर कभी गंभीर रहे ही नहीं। दून में स्मार्ट सिटी के नाम पर भारी भरकम बजट खर्च करने के बावजूद शहर की सूरत नहीं बदल पाई। हालात यह है कि जो काम हुए भी वह उखड़ने लगे हैं। स्ट्रीट लाइटों की स्थिति यह है कि अभी भी शहर की कई गलियों में अंधेरा है। नालियां टूटी पड़ी हैं। साफ-सफाई की भी उचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्य संस्कृति को बदलने की सख्त जरूरत है। ऐसा तभी हो सकता है जब निकाय चुनाव में जनता बदलाव लाए और इस बदलाव के लिए कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को उठा रही है। जनसंवाद के जरिए लोगों की समस्या को न सिर्फ उठाया जा रहा है, बल्कि समाधान का खाका भी तैयार किया जा रहा है। उन्होंने मेहूंवाला क्षेत्र के लोगों से उनकी समस्या भी जानी। इस मौके पर उनके साथ गोपाल सिंह गढ़िया, आशीष नौटियाल, नूर हसन, मुरसलीम, धीरज शाही, वीर बहादुर, अभिनव कुमार, संजय कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।